225px-Telanga_Kharia

आईए आज हम भारतीय जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों में से एक सच्चे वीर तेलंगा खड़िया के बारे में बात करते हैं…

परिचय…

तेलंगा खड़िया का जन्म ९ फ़रवरी, १८०६ को झारखंड के गुमला जिले के मुरगू गाँव के रहने वाले एक साधारण किसान ठुईया खड़िया एवं माँ पेती खड़िया के यहां हुआ था। उनके दादाजी का नाम सिरू खड़िया तथा दादीजी का नाम बुच्ची खड़िया था। उनकी शादी रत्नी नामकी लड़की से हुआ था। जहां एक तरफ इतिहास इन्हें साधारण किसान के रूप में जानते हैं जबकि वे मुरगू गांव के पाहन परिवार से आते हैं जो जमींदार हुआ करते थे। उनके दादा सिरू खड़िया धार्मिक, सरल तथा साहित्यिक विचार के व्यक्ति थे। वीर साहसी और अधिक बोलने वाले को खड़िया भाषा में तेब्बलंगा कहते हैं। इन्हें सरना धर्म पर अटूट विश्वास था। एक किसान होने के साथ-साथ ये अस्त्र-शस्त्र चलाना भी जानते थे तथा अपने लोगों को इसकी शिक्षा भी देते थे।

खड़िया विद्रोह…

वर्ष १८८० में तेलंगा खड़िया के नेतृत्व में खड़िया विद्रोह हुआ था। यह आंदोलन अपनी जन्मभूमि की रक्षा के लिए शुरू हुआ। जंगल की जमीन से अंग्रेजों को हटाने के लिए युवा वर्ग को गदका, तीर और तलवार चलाने की शिक्षा दी गई। तेलंगा की पत्नी रत्नी खड़िया ने हर मोर्चे पर पति का साथ दिया। रत्नी ने कई जगह अकेले ही नेतृत्व संभालते हुए अंग्रेजों से लोहा लिया।

तेलंगा खड़िया ने अंग्रेजी हुकूमत को नकार दिया था। उसने कहा- जमीन हमारी, जंगल हमारे, मेहनत हमारी, फसलें हमारी, तो फिर जमींदार और अंग्रेज कौन होते हैं हमसे लगान और मालगुजारी वसूलने वाले। अंग्रेजों के पास अगर गोली-बारूद हैं, तो हमारे पास भी तीर-धनुष, कुल्हाड़ी, फरसे हैं। बस क्या था, आदिवासियों की तेज हुंकार से आसमान तक कांप उठा। तेलंगा ने जोड़ी पंचैत संगठन की स्थापना की। यह एक ऐसा संगठन था, जिसमें विद्रोहियों को तमाम तरह की युद्ध विद्याओं समेत रणनीति बनाने का प्रशिक्षण दिया जाता था। रणनीतिक दस्ता युद्ध की योजनाएं बनाता और लड़ाके जंगलों, घाटियों में छिपकर गुरिल्ला युद्ध करते।

अब हर गांव में जोड़ी पंचैत बनने लगे। अखाड़े में युवा युद्ध का अभ्यास करने लगे। हर जोड़ी पंचैत एक दूसरे से रणनीतिक तौर पर जुड़े थे। संवाद और तालमेल बेहद सुलझा हुआ था। जमींदारों के लठैतों और अंग्रेजी सेना के आने के पहले ही उसकी सूचना मिल जाती थी। विद्रोही सेना पहले से ही तैयार रहती और दुश्मनों की जमकर धुनाई करती। तेलंगा ने छोटे स्तर पर ही सही, मगर अंग्रेजों के सामानांतर सत्ता का विकल्प खोल दिया था। तेलंगा ने लड़ाई की शुरूआत मूरगू गांव से की, जहां उनका जन्म हुआ था। अधिकतर गांव जमींदारी और अंग्रेजी शोषण से पीडि़त थे। इसलिए विद्रोहियों को ग्रामीणों का भारी समर्थन मिल रहा था। गुरिल्ला युद्ध में दुश्मनों को पछाड़ने के बाद विद्रोही जंगलों में भूमिगत हो जाते। तेलंगा जमींदारों और अंग्रेजी शासन के लिए खौफ बन चुका था। उसे पकड़ने के लिए इनाम का जाल फेंका गया। कई लोग लालच में पड़ गए और गुप्त सूचना पर तेलंगा को कुम्हारी गांव में बैठक करते हुए बंदी बना लिया गया। लोहरदगा में मुकदमा चला और तेलंगा को चैदह साल कैद की सजा सुनाई गई।

चैदह साल बाद जब तेलंगा जेल से छूटा, तो उसके विद्रोही तेवर और भी तल्ख हो गए। विद्रोहियों की दहाड़ से जमींदारों के बंगले कांप उठे। जोड़ी पंचैत फिर से जिन्दा हो उठा और युद्ध प्रशिक्षणों का दौर शुरू हो गया। बसिया से कोलेबिरा तक विद्रोह की लपटें फैल गईं। बच्चे, बूढ़े, महिलाएं, हर कोई उस विद्रोह में भाग ले रहा था। तेलंगा जमींदारों और सरकार के लिए एक भूखा बूढ़ा शेर बन चुका था। दुश्मन के पास एक ही रास्ता था- तेलंगा को मार गिराया जाए। २३अप्रैल, १८८० को तेलंगा समेत कई प्रमुख विद्रोहियों को अंग्रेजी सेना ने घेर लिया। तेलंगा गरजा, “हिम्मत है तो सामने आकर लड़ो।” कहते हैं तेलंगा की उस दहाड़ से इलाका थर्रा गया था। युद्ध कौशल से प्रशिक्षित विद्रोहियों से सीधी टक्कर लेने की हिम्मत दुश्मन में नहीं थी।

अतः २३ अप्रैल, १८८० को ही अंग्रेजों के दलाल बोधन सिंह ने गोली मार दी। बेहोश तेलंगा के पास आने की भी हिम्मत दुश्मनों में नहीं थी। मौके का फायदा उठाकर विद्रोही तेलंगा को ले जंगल में गायब हो गए। तेलंगा फिर कभी नजर नहीं आए। खडि़या लोकगीतों में आज भी तेलंगा जीवित हैं। उनकी हत्या के बाद रत्नी खड़िया ने पति के अधूरे कार्यां को पूरा किया। वह अपनी सादगी, ईमानदारी और सत्यवादिता से लोगों में जीवन का संचार करती रहीं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *