May 6, 2024

बारीन्द्र कुमार घोष भारत के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी तथा पत्रकार थे। इनको बारिन घोष के नाम से भी जाना जाता है। वे अध्यात्मवादी अरविंद घोष के छोटे भाई थे। बंगाल में क्रांतिकारी विचारधारा को फैलाने का श्रेय बारीन्द्र कुमार और भूपेन्द्र नाथ दत्त, जो कि स्वामी विवेकानंद के छोटे भाई थे, को ही जाता है। ‘स्वदेशी आंदोलन’ के परिणामस्वरूप बारीन्द्र कुमार घोष ने क्रांतिकारी विचारों का प्रचार करने के लिए १९०६ में बंगाली साप्ताहिक ‘युगान्तर’ का प्रकाशन प्रारम्भ किया। उन्होंने १९०७ में क्रांतिकारी आतंकवाद की गतिविधियों का संयोजन करने के लिए ‘मणिकतल्ला पार्टी’ का गठन भी किया था। १९०८ में इन्हें गिरफ़्तार कर मृत्यु दण्ड की सजा सुनाई गई, किन्तु बाद में इसे आजीवन कारावास में बदल दिया गया। अण्डमान जेल में दस वर्ष व्यतीत करने के बाद इन्होंने अपना शेष समय पत्रकारिता में लगाया। बारीन्द्र कुमार घोष बंगाली दैनिक ‘द स्टेट्समैन’ और ‘वसुमित्र’ से भी जुड़े थे।

 

परिचय…

बारीन्द्र कुमार घोष का जन्म ५ जनवरी, १८८० को लन्दन के पास ‘क्रोयदन’ नामक कसबे में हुआ था। उनके पिता कृष्णनाधन घोष एक नामी चिकित्सक व प्रतिष्ठित ज़िला सर्जन थे जबकि उनकी माता देवी स्वर्णलता प्रसिद्ध समाज सुधारक व विद्वान् राजनारायण बासु की पुत्री थीं। अरविन्द, जो की पहले क्रन्तिकारी और फिर अध्यात्मवादी हो गए थे, उनके तीसरे बड़े भाई थे जबकि उनके दूसरे बड़े भाई मनमोहन घोष अंग्रेज़ी साहित्य के विद्वान, कवि और कलकत्ता (वर्तमान कोलकाता) के प्रेसिडेंसी कॉलेज व ढाका यूनिवर्सिटी में अंग्रेज़ी के प्रोफ़ेसर थे। बारीन्द्र कुमार घोष की स्कूली शिक्षा देवगढ़ में हुई व १९०१ में प्रवेश परीक्षा पास करके उन्होंने पटना कॉलेज में दाखिला लिया। बरोड़ा में उन्होंने मिलिट्री ट्रेनिंग ली। इसी समय अरविन्द घोष से प्रभावित होकर उनका झुकाव क्रांतिकारी आन्दोलन की तरफ़ हुआ।

 

क्रांतिकारी गतिविधियाँ…

सन १९०२ में बारीन्द्र कुमार घोष कलकत्ता वापस आ गये थे और जतिन्द्रनाथ दास के साथ मिलकर बंगाल में अनेक क्रांतिकारी समूहों को संगठित करना शुरू कर दिया।

 

अनुशीलन समिति…

बारीन्द्र कुमार घोष और भूपेन्द्रनाथ दत्त के सहयोग से १९०७ में कलकत्ता में ‘अनुशीलन समिति’ का गठन किया गया, जिसका प्रमुख उद्देश्य था- “खून के बदले खून।” १९०५ के बंगाल विभाजन ने युवाओं को आंदोलित कर दिया था, जो की अनुशीलन समिति की स्थापना के पीछे एक प्रमुख वजह थी। इस समिति का जन्म १९०३ में ही एक व्यायामशाला के रूप में हो गया था और इसकी स्थापना में प्रमथनाथ मित्र और सतीश चन्द्र बोस का प्रमुख योगदान था। एम. एन. राय के सुझाव पर इसका नाम अनुशीलन समिति रखा गया। प्रमथनाथ मित्र इसके अध्यक्ष, चितरंजन दास व अरविन्द घोष इसके उपाध्यक्ष और सुरेन्द्रनाथ ठाकुर इसके कोषाध्यक्ष थे। इसकी कार्यकारिणी की एकमात्र शिष्य सिस्टर निवेदिता थीं। १९०६ में इसका पहला सम्मलेन कलकत्ता में सुबोध मालिक के घर पर हुआ। बारीन्द्र कुमार घोष जैसे लोगों का मानना था की सिर्फ राजनीतिक प्रचार ही काफ़ी नहीं है, नोजवानों को आध्यात्मिक शिक्षा भी दी जानी चाहिए। उन्होंने अनेक जोशीले नोजवानों को तैयार किया जो लोगों को बताते थे कि स्वतंत्रता के लिए लड़ना पावन कर्तव्य है।

 

ढाका अनुशीलन समिति…

कार्य की सहूलियत के लिए अनुशीलन समिति का दूसरा कार्यालय १९०४ में ढाका में खोला गया, जिसका नेतृत्व पुल्लिन बिहारी दास और पी. मित्रा ने किया। ढाका में इसकी लगभग ५०० शाखाएं थीं। इसके अधिकांश सदस्य स्कूल और कॉलेज के छात्र थे। सदस्यों को लाठी, तलवार और बन्दूक चलने का प्रशिक्षण दिया जाता था, हालाँकि बंदूकें आसानी से उपलब्ध नहीं होती थीं। बारीन्द्र कुमार घोष ने १९०५ में क्रांति से सम्बंधित ‘भवानी मंदिर’ नामक पहली किताब लिखी। इसमें ‘आनंद मठ’ का भाव था और क्रांतिकारियों को सन्देश दिया गया था कि वह स्वाधीनता पाने तक संन्न्यासी का जीवन बिताएं।

 

युगांतर’ का प्रकाशन…

अपने उद्देश्यों की पूर्ती हेतु १९०६ में बारीन्द्र कुमार घोष ने भूपेन्द्र नाथ दत्त के साथ मिलकर ‘युगांतर’ नामक साप्ताहिक पत्र बांगला भाषा में प्रकाशित करना शुरू किया और क्रांति के प्रचार में इस पत्र का सर्वाधिक योगदान रहा। इस पत्र ने लोगों में राजनीतिक व धार्मिक शिक्षा का प्रसार किया। जल्द ही इस नाम से एक क्रांतिकारी संगठन भी बन गया। ‘युगांतर’ का जन्म अनुशीलन समिति से ही हुआ था और जल्दी ही इसने अपनी क्रांतिकारी गतिविधियाँ शुरू कर दीं। बंगाल के विभिन्न भागों में इसकी शाखाएं थीं। बारीन्द्र कुमार घोष के नेतृत्व में युगांतर समूह ने सर्वत्र क्रांति का बिगुल बजाया। इसने बम बनाये और दुष्ट अंग्रेज़ अधिकारीयों की हत्या का प्रयास भी किया।

बारीन्द्र कुमार घोष ने दूसरी पुस्तक ‘वर्तमान रणनीति’ जिसे अक्टूबर १९०७ में अविनाश चन्द्र भट्टाचार्य ने प्रकाशित किया था, यह किताब बंगाल के क्रांतिकारियों की पाठ्य पुस्तक बन गयी, इसमें कहा गया था कि भारत की आजादी के लिए फ़ोजी शिक्षा और युद्ध ज़रूरी है।

 

सज़ा…

बारीन्द्र कुमार घोष और बाघ जतिन ने पूरे बंगाल से अनेक युवा क्रांतिकारियों को खड़ा करने में निर्णायक भूमिका अदा की। क्रांतिकारियों ने कलकत्ता के मनिक्तुल्ला में ‘मनिक्तुल्ला समूह’ बनाया। यह उनका एक गुप्त स्थान था, जहाँ वे बम बनाते और हथियार इकठ्ठा करते थे। ३० अप्रैल १९०८ को खुदीराम बोस और प्रफुल्लचंद चाकी ने किंग्स्फोर्ड की हत्या का प्रयास किया, जिसके फलस्वरूप पुलिस ने बहुत तेज़ीसे क्रांतिकारियों की धर-पकड़ शुरू कर दी और दुर्भाग्य से २ मई, १९०८ को बारीन्द्र कुमार घोष को भी उनके कई साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर ‘अलीपुर बम केस’ चलाया गया और प्रारंभ में ही उन्हें मृत्युदंड की सजा दे दी गयी, परन्तु बाद में उसे आजीवन कारावास कर दिया गया। उन्हें अंडमान की भयावह सेल्युलर जेल में भेज दिया गया, जहाँ वह १९२० तक क़ैद रहे।

 

रिहाई तथा पत्रकारिता…

बारीन्द्र कुमार घोष को १९२० में प्रथम विश्व युद्ध के बाद दी गयी ‘आम क्षमा’ में रिहा कर दिया गया, जिसके बाद वह कलकत्ता आ गए और पत्रकारिता प्रारंभ कर दी। किन्तु जल्द ही उन्होंने पत्रकारिता भी छोड़ दी और कलकत्ता में आश्रम बना लिया। १९२३ में वह पॉडिचेरी चले गए, जहाँ उनके बड़े भाई अरविन्द घोष ने प्रसिद्ध ‘श्री औरोविंद आश्रम’ बनाया था। अरविन्द ने उन्हें आध्यात्म और साधना के प्रति प्रेरित किया, जबकि ठाकुर अनुकुलचंद उनके गुरु थे। इन्होंने ही अपने अनुयायियों द्वारा बरीं की सकुशल रिहाई में मदद की थी। १९२९ में बारीन्द्र कुमार घोष दोबारा कलकत्ता आये और पत्रकारिता शुरू कर दी। १९३३ में उन्होंने “The Dawn of India” नामक अंग्रेज़ी साप्ताहिक पत्र शुरू किया। वह ‘the statesman’ से जुड़े रहे और १९५० में बांगला दैनिक ‘दैनिक बसुमती’ के संपादक हो गए।

 

रचनाएँ…

द्वीपांतर बंशी (Dvipantarer Banshi)

पाथेर इंगित (Pather Ingit)

अमर आत्मकथा (Amar aatmkatha)

अग्नियुग (Agnijug)

ऋषि राजनारायण (Rishi rajnarayan)

द टेल ऑफ़ माई एक्साइल (The Tale of My Exile)

श्री अरविन्द (Sri Aurobindo )

 

मृत्यु…

१८ अप्रैल, १९५९ को महान् सेनानी बारीन्द्र कुमार घोष का देहांत हो गया।

About Author

Leave a Reply