ब्रेकिंग न्यूज़…
हर ख़ासो-आम को यह जानकर बड़ी खुशी होगी कि साहब ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर, ‘चमकी’ (मस्तिष्क ज्वर) के भुक्तभोगियों को ‘देशद्रोह’ की उपाधि से नवाज़ा है!
इन अभागों ने साहब (नेताजी) के योग शिविर में न आने का अक्षम्य गुनाह किया है (जिससे शिविर में भीड़ कम हो गई)। ये देशद्रोही लोग कल मरे अपने मासूम बच्चों का, आज इतनी लंबी अवधि बीत जाने पर भी मातम मना रहे थे (जबकि अभी चौबीस घंटे भी नहीं हुए)।
हम भी ऐसे आततायियों की घोर भर्त्सना करते हैं और उस ‘महान’ मीडिया की तारीफ़ करते हैं, जिसने चमकी के अभियुक्तों (पीड़ितों) की जगह साहब की ‘चमक-दमक’ को अपने फ्रंट पेज और प्राइम टाइम में मुख्य जगह दी है…
बाकी तो आप सभी स्वयं ही समझदार हैं…
खलक खुदा का,
मुलुक साहब का,
हुकुम कोतवाल का…
हर ख़ासो-आम को आगाह किया जाता है कि खबरदार रहें! इस ‘पागल’ और ‘मूर्ख’ के नाम से नवाज़े गए अश्विनी राय की बातों को बिल्कुल तरजीह न दें, क्योंकि वह कड़वा सच बोलता हुआ सड़क पर निकल चुका है।
धन्यवाद!
सावरकर और सचिंद्रनाथ सन्याल: काला पानी की याचिका और स्वाभिमान का वास्तविक इतिहास