April 27, 2024

सुधाताई जोशी पुर्तग़ाली साम्राज्यवादियों से गोवा की मुक्ति के स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख नेता थीं। ये सत्याग्रह आंदोलन में भाग लेती थीं। सुधाताई ने २ वर्ष तक कारागार की सजा भी भोगी। सुधाताई जोशी वीरांगना के साहस की उस समय सारे देश में बड़ी प्रशंसा हुई थी।

 

जन्म एवं परिचय…

श्रीमती सुधाताई जोशी का जन्म १४ जनवरी, १९१८ ई. को गोवा के प्रियोल नामक गांव में हुआ था। यद्यपि उन्हें औपचारिक शिक्षा नहीं मिली थी, किंतु पिता की सहायता और अपने प्रयत्न से उन्होंने पर्याप्त ज्ञान प्राप्त कर लिया था। ‘संस्कृति कोश’ के प्रसिद्ध संपादक महादेव शास्त्री जोशी से विवाह के बाद पूना आने पर सुधाताई जोशी के जीवन में और भी परिवर्तन आये। महादेव शास्त्री जोशी स्वयं गोवा के मुक्ति संग्राम से जुड़े हुई थे। उन्होंने ‘गोवा राष्ट्रीय काँग्रेस’ द्वारा संचालित सत्याग्रह आंदोलन में सत्याग्रहियों का नेतृत्व करने का निश्चय किया। सुधाताई इस आंदोलन का महत्त्व समझती थीं। पर वे नहीं चाहती थीं कि उतने ही महत्त्व के काम ‘संस्कृति कोश’ का संपादन उनके पति छोड़ दें।

 

आंदोलनों में भागिदारी…

बड़े आग्रह के बाद जब पति ने उनका परामर्श स्वीकार कर लिया। तो सुधाताई स्वयं ‘गोवा राष्ट्रीय काँग्रेस’ द्वारा संचालित सत्याग्रह आंदोलन में भाग लेने के लिए गोवा की ओर चल पड़ीं। पुर्तग़ाली सरकार ने उनके गोवा प्रवेश की सूचना देने वाले के लिए भारी इनाम की घोषणा कर रखी थी। पर लोगों ने सुधाताई का स्वागत किया और उनके गुप्त रूप से गोवा में प्रवेश में सहायता पहुंचाई।

 

५ अप्रैल, १९५५ को सुधाताई को महाप्सा नामक स्थान में एक सभा को संबोधित करनी था। पर पुलिस ने वह स्थान पहले ही घेर लिया और अपने भाषण के दो-चार शब्द पढ़ते ही सुधाताई जोशी को गिरफ़्तार कर लिया गया। अपने आंदोलन के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए सुधाताई ने पुर्तग़ाल को स्मरण दिलाया था कि वह स्वयं १५८० से १६४० तक स्पेन का गुलाम था। पुर्तग़ाल सरकार ने ताई पर मुकदमा चलाया और २ वर्ष के कारागार की सजा दे दी। बाद में सारे देश में आंदोलन होने और जेल में स्वास्थ्य बिगड़ जाने के कारण मई, १९५९ में उन्हें रिहा करना पड़ा था। इस वीरांगना के साहस की उस समय सारे देश में बड़ी प्रशंसा हुई थी।

About Author

Leave a Reply